शादियों के सीजन का सबसे पसंदीदा लिबास है लहंगा। हर दुल्हन चाहती है कि उसका आउटफिट सबसे खास, सबसे अलग हो। लहंगों में भी अब काफी वैरायटी आ चुकी है और डिजाइनर्स इसमें नए-नए प्रयोग करना पसंद करते हैं। आज हम यहां लहंगों के सबसे ट्रेंडिंग 5 ऑप्शन दे रहे हैं।
मर्मेड लहंगा देगा फ्लैट फिगर
यह लहंगा उन दुल्हनों के लिए है जो लंबी और दुबली दिखना चाहती हैं। यह सभी बॉडी टाइप के लिए अच्छा है। जो ब्राइड थोड़ा हेल्दी दिखती हैं वे इस लहंगा को फिगर फ्लैट करने के लिए पहन सकती हैं। ये लहंगे हल्के रंगों के ब्लाउज के साथ कंट्रास्ट घाघरा पहनने पर अच्छे लगते हैं क्योंकि इससे मर्मेड स्टाइल और उभरकर सामने आती है। ब्राइड चाहें तो अपनी चुन्नी की प्लेटिंग कर कमर के आसपास बांध सकती हैं। इससे लंहगा ज्यादा फिट दिखेगा। डीप नेक ब्लाउज के साथ हैवी ज्वेलरी पहन सकती हैं।
कलीदार लहंगे से मिलेगा रॉयल लुक
इस लहंगे में किनारों (हेमलाइन) पर भारी बॉर्डर होती है, जिसपर कंट्रास्ट डिजाइन होती है। इससे लहंगे को ज्यादा चमक मिलती है। यह ग्लैमरस लुक ब्राइड के खास दिन के लिए परफेक्ट है। कलीदार लहंगा के पैनल इसे बाकी सभी लहंगों से अलग बनाते हैं। इसकी जटिल डिजाइन लहंगे को रॉयल लुक देती है। इसके साथ ट्यूब ब्लाउज, चोकर और कई लेयर वाला नेकलेस पहन सकती हैं। इससे यह आउटफिट ट्रेंडी और स्टायलिश बन जाएगा।
वेस्टर्न टच के लिए ट्रेल
अपनी शादी के आउटफिट को वेस्टर्न टच देने के लिए ट्रेल वाला लहंगा (जिसमें पिछला हिस्सा जमीन से लगता है) पहन सकती हैं। यह लहंगा पेस्टल और आइवरी जैसे लाइट रंगों में बेहद खूबसूरत लगता है। ट्रेल को और बेहतर करने के लिए लेयर वाली चुन्नियां सिर के ऊपर पहनी जा सकती हैं। साथ में कलाइयों पर हैवी ज्वेलरी इस लुक को और बेहतर बनाएगी। आपको भारी-भरकम नेकलेस की जरूरत नहीं है। ईयरिंग्स से लुक कंप्लीट कर सकती हैं।
कंफर्ट के लिए शरारा लहंगा
यह लहंगा उस मॉडर्न ब्राइड के लिए अच्छा है जिसे कंफर्ट ज्यादा जरूरी है। इसमें दुल्हन अपने खास दिन पर जीभर कर मस्ती भी कर सकती है, साथ ही पारंपरिक लुक भी पा सकती है। इस लहंगे के साथ लंबा या छोटा ब्लाउज पहना जा सकता है। इस आउटफिट में गोल्ड, सिल्वर या ऐसे ही ज्यादा चमकदार रंग पसंद किए जाते हैं। लुक को कंप्लीट करने के लिए मांग टीका और मैसी बन (जूड़ा) पहना जा सकता है।
क्लासिक लुक के लिए साड़ी लहंगा
इस लहंगे में साड़ी की खूबसूरती और लहंगे की शान है। यह उन ब्राइड्स के लिए अच्छा ऑप्शन है जो 6 गज की साड़ी और क्लासिक लहंगा का लुक एक साथ चाहती हैं। इस रीगल लुक में साड़ी की प्लेटिंग और ड्रेपिंग के लिए मेहनत नहीं करनी पड़ती है। दुल्हन केवल एक रंग (मोनोक्रोमेटिक) का आउटफिट पहन सकती हैं, जिसमें केसरिया शेड का थोड़ा टच हो। लुक को और बेहतर करने के लिए लहरदार केप (कंधे पर कपड़ा) भी लहंगे में जोड़ सकती हैं।